मीरां साहिब में फ्लाईओवर के नीचे रेहड़ियां लगाने पर रोक के खिलाफ विक्रेताओं का प्रदर्शन
जम्मू, 24 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू के मीरां साहिब इलाके में रिंग रोड फ्लाईओवर के नीचे रेहड़ियां लगाने और वाहन खड़े करने पर रोक के विरोध में फल-सब्जी विक्रेताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के निर्देशों पर नाराजगी जताते हुए मीरां साहिब से आरएस पुरा जाने वाली सड़क को अवरुद्ध कर दिया जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार मीरां साहिब पुलिस ने पहले विक्रेताओं को रिंग रोड फ्लाईओवर के नीचे वाहन खड़े नहीं करने और रेहड़ियां लगाकर सामान नहीं बेचने के निर्देश दिए थे। इसके विरोध में फल-सब्जी विक्रेता एकत्रित हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व सब्जी विक्रेता हरदीप सिंह कर रहे थे जो ऑटो रिक्शा के माध्यम से फल-सब्जियां बेचकर अपनी आजीविका चलाते हैं।
प्रदर्शन के दौरान विक्रेताओं ने मीरां साहिब से आरएस पुरा की ओर जाने वाली एकल-लेन सड़क को जाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
घटना की सूचना मिलते ही मीरां साहिब पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात बहाल करने के लिए कार्रवाई करते हुए सब्जी विक्रेता हरदीप सिंह को हिरासत में ले लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

