रेहाड़ी में नि:शुल्क मेगा मल्टीस्पेशियलिटी स्वास्थ्य शिविर, 500 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

WhatsApp Channel Join Now
रेहाड़ी में नि:शुल्क मेगा मल्टीस्पेशियलिटी स्वास्थ्य शिविर, 500 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ


जम्मू, 02 अगस्त (हि.स.) । रेहाड़ी स्थित हरि मंदिर परिसर में रविवार को नि:शुल्क मेगा मल्टीस्पेशियलिटी मेडिकल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया जिसमें 500 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। यह शिविर सिबा इवेंट्स मैनेजमेंट एंड इनोवेशंस कोऑपरेटिव लिमिटेड, सोसायटी फॉर शेड्यूल एंड बैकवर्ड क्लास तथा जम्मू-कश्मीर डेयरी कोऑपरेटिव फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य स्थानीय लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराना था। सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चले इस शिविर में रेहाड़ी, सरवाल, पलौड़ा, अम्फल्ला, सुभाष नगर, राजपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मरीजों को सामान्य स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, नेत्र परीक्षण, दंत चिकित्सा, हड्डी रोग, त्वचा रोग, फिजियोथेरेपी, होम्योपैथी, श्रवण जांच और अन्य चिकित्सा सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम का निरीक्षण जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा (सीए) ने किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने वाले ऐसे प्रयास स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी संस्थानों, चिकित्सकों और सहयोगियों की सेवाभावना की प्रशंसा की। शिविर के सफल आयोजन में जेके मेडिसिटी उजाला सिग्नस हॉस्पिटल, सेडना हॉस्पिटल, गोयल आई क्लिनिक एंड रेटिना सेंटर, जेके इलेक्ट्रॉनिक इयर्स, डॉ. मनहास डेंटल क्लिनिक, हेयर हेवन, वी एंड एम क्लिनिक, माईफिजियो फिजिकल थेरेपी सेंटर, डॉ. वहाब होम्योपैथी सहित कई चिकित्सा संस्थानों और विशेषज्ञों ने सहयोग दिया। आयोजन समिति ने कहा कि लोगों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना इस पहल का मुख्य उद्देश्य था और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यक्रम जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story