हीरानगर में 17 अक्टूबर को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवाएं
हीरानगर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। सत्यम फाउंडेशन हीरानगर और हीलिंग हैंड्स एनजीओ जम्मू के संयुक्त सहयोग से 17 अक्टूबर को महाजन हॉल हीरानगर में 24वां निःशुल्क रोग जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 9 बजे से शुरू होगा।
शिविर की तैयारियों को लेकर शनिवार को सत्यम फाउंडेशन के संस्थापक एवं चेयरमैन तथा पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें शिविर की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के साथ लोगों को स्वास्थ्य जांच और बीमारियों की समय रहते पहचान के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा हृदय, किडनी, लिवर, पाचन तंत्र, फेफड़ों, हड्डियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित जांचें निःशुल्क की जाएंगी। इनमें ईसीजी, डायबिटीज, कोलेस्ट्रॉल, किडनी फंक्शन, फैटी लिवर और प्रोस्टेट संबंधी जांच शामिल हैं। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों को परामर्श भी देंगे।
आयोजकों ने हीरानगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए दीपक गुप्ता (9419623482, 9419123482), राजीव गुप्ता (9419100678, 7780863444) या सत्यम फाउंडेशन हेल्पलाइन (9419180678, 7889693678) पर संपर्क किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

