हीरानगर में स्वास्थ्य सेवा की मिसाल-निःशुल्क शिविर में 900 से अधिक जांच
हीरानगर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। हीरानगर के महाजन हॉल में हीलिंग हैंड्स एनजीओ की ओर से सत्यम फाउंडेशन के सहयोग से 24वां निःशुल्क रोग जांच शिविर आयोजित किया गया। पूर्व एमएलसी एवं सत्यम फाउंडेशन के चेयरमैन सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित शिविर में 900 से अधिक मेडिकल जांचें की गईं जिससे हीरानगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।
शिविर का उद्घाटन स्वामी पद्ममति सरस्वती महाराज ने किया। इस दौरान चिकित्सक डॉ. राजेश गुप्ता और हीरानगर के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) डॉ. रोमी शर्मा भी मौजूद रहे। शिविर में हृदय जांच (ईसीजी), मधुमेह, थायराइड, किडनी, लिपिड प्रोफाइल, हड्डियों की मजबूती, फेफड़ों की कार्यक्षमता, आंखों और दांतों सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया। इस अवसर पर सुभाष गुप्ता ने शिविर के आयोजन में सहयोग देने वाली हीलिंग हैंड्स एनजीओ और विशेषज्ञ चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य आम लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना है। डॉ. राजेश गुप्ता ने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और शारीरिक गतिविधियों को स्वस्थ जीवन के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने लोगों से शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

