पूर्व मंत्री का नेशनल कॉन्फ्रेंस पर पलटवार, बोले- लोकतंत्र पर सवाल उठाने से पहले अपना रिकॉर्ड देखे पार्टी

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व मंत्री का नेशनल कॉन्फ्रेंस पर पलटवार, बोले- लोकतंत्र पर सवाल उठाने से पहले अपना रिकॉर्ड देखे पार्टी


जम्मू, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बाली भगत ने चुनाव प्रक्रिया और भारतीय निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता मोहम्मद रमजान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नेकां नेतृत्व को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से पहले नेशनल कॉन्फ्रेंस को अपने राजनीतिक इतिहास और शासन के रिकॉर्ड पर आत्ममंथन करना चाहिए।

बाली भगत ने आरोप लगाया कि नेकां अपने चुनावी वादों और शासन की कमियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए ऐसे मुद्दे उठा रही है। उन्होंने 1986 के चुनावों से जुड़े विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी को अपने अतीत पर भी जवाब देना चाहिए। भगत ने कहा कि यदि नेकां नेतृत्व को वास्तव में लगता है कि 2024 के विधानसभा चुनाव निष्पक्ष नहीं हुए तो उसे इस्तीफा देकर नए चुनाव कराने की सिफारिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने के साथ उसी प्रक्रिया से मिले जनादेश के आधार पर सत्ता में बने रहना दोहरे मापदंड दर्शाता है। भाजपा नेता ने नेकां से विकास, रोजगार, बेहतर सार्वजनिक सेवाओं और जनता की समस्याओं के समाधान के संबंध में अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759757 Articles

Share this story