जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर पूर्व मंत्री का नेशनल कॉन्फ्रेंस पर हमला

WhatsApp Channel Join Now
जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर पूर्व मंत्री का नेशनल कॉन्फ्रेंस पर हमला


जम्मू, 10 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बाली भगत ने 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के प्रदर्शन को लेकर पार्टी और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि मीरवाइज उमर फारूक को आमंत्रित कर एनसी ने राज्य के दर्जे के संवैधानिक मुद्दे को अलगाववादी राजनीति से जोड़ दिया है। बाली भगत ने कहा कि यदि प्रदर्शन केवल राज्य का दर्जा बहाल कराने के लिए होता तो किसी अलगाववादी नेता को बुलाने की आवश्यकता नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि एनसी संवैधानिक राजनीति की आड़ में अलगाववादी सोच को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही आश्वस्त कर चुके हैं कि उचित समय पर संवैधानिक प्रक्रिया के तहत जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा। ऐसे में जंतर-मंतर का प्रदर्शन राजनीतिक उद्देश्य से किया जा रहा है। बाली भगत ने कहा कि राज्य का दर्जा संवैधानिक विषय है और इसे अलगाववादी राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि भाजपा संवैधानिक प्रक्रिया के तहत राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जम्मू-कश्मीर की जनता शांति, विकास और रोजगार चाहती है, न कि अलगाववादी राजनीति की वापसी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story