कठुआ सहित जम्मू और सांबा में सिटी गैस वितरण नीति के क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय समितियों का गठन

WhatsApp Channel Join Now

कठुआ, 17 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने जम्मू, सांबा और कठुआ जिलों में सिटी गैस वितरण नीति-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम उपभोक्ताओं तक प्राकृतिक गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय समितियों का गठन किया है।

आदेश के अनुसार संबंधित जिलों के जिला विकास आयुक्त समिति के अध्यक्ष होंगे जबकि अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, सहायक आयुक्त विकास, शहरी स्थानीय निकायों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, तेल विपणन कंपनियों/पीएनजी के जिला नोडल अधिकारी, सहायक निदेशक एफसीएस एवं सीए, सहायक नियंत्रक विधिक माप विज्ञान तथा जिला अधिकारी सिडको/सिडबी समिति के सदस्य होंगे। सहायक निदेशक एफसीएस एवं सीए को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। समितियों का मुख्य उद्देश्य संबंधित विभागों, शहरी स्थानीय निकायों, औद्योगिक विकास एजेंसियों और सिटी गैस वितरण कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि गैस पाइपलाइन बुनियादी ढांचे का विस्तार और परियोजनाओं का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

इसके अलावा सीजीडी परियोजनाओं के लिए आवश्यक अनुमतियां और स्वीकृतियां शीघ्र उपलब्ध करवाने के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी भी समितियों को दी गई है। संबंधित जिला विकास आयुक्त समितियों की समय-समय पर बैठकें आयोजित कर प्रगति की समीक्षा करेंगे तथा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778766 Articles

Share this story