वन विभाग ने 32 अवैध रूप से निर्मित पक्के और कच्चे ढांचों को किया ध्वस्त

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 19 मई (हि.स.)। जम्मू के नरवाल में स्थित रायका बंदी में वन विभाग द्वारा आज सुबह एक अतिक्रमण-विरोधी अभियान चलाया गया। इस दौरान अतिक्रमण की गई वन विभाग की जमीन को खाली कराया गया। वन विभाग के साथ-साथ भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद था।

जानकारी के अनुसार रायका बंदी में कंपार्टमेंट संख्या 66/B में अतिक्रमण की गई वन भूमि को खाली कराने के लिए वन विभाग द्वारा एक अतिक्रमण-विरोधी अभियान चलाया गया। वन विभाग, वन सुरक्षा बल, पुलिस कर्मियों, बेल्ट फोर्स के अधिकारियों और जिला प्रशासन की एक संयुक्त टीम ने प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेटों की उपस्थिति में यह अभियान चलाया।

इस दौरान लगभग 32 अवैध रूप से निर्मित पक्के और कच्चे ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया। जानकारी के अनुसार इस अभियान के दौरान अतिक्रमण की गई लगभग 3 हेक्टेयर वन भूमि को वापस हासिल कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story