कठुआ में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध लकड़ी से भरा वाहन जब्त
कठुआ, 30 मार्च (हि.स.)। वन विभाग कठुआ ने अवैध रूप से लकड़ी की तस्करी के प्रयास को नाकाम करते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डीएफओ कठुआ अंकित सिन्हा और रेंज ऑफिसर नितिन खजूरिया की निगरानी में कठुआ वन रेंज की टीम ने जंगलोट रेलवे क्रॉसिंग के पास एक महिंद्रा लोड कैरियर जेके08क्यू-5793 को पकड़ा, जिसमें अवैध रूप से जंगल से लाई गई ईंधन लकड़ी (फ्यूलवुड) भरी हुई थी। वन विभाग ने वाहन को भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 52(1) और 52(2) तथा जम्मू-कश्मीर फॉरेस्ट प्रोड्यूस ट्रांजिट नियम, 2020 के उल्लंघन में जब्त कर लिया। जब्त वाहन और लकड़ी को वन परिसर कठुआ में सुरक्षित रखा गया है। वाहन चालक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया जिसे बाद में जमानती मुचलका भरने के बाद रिहा कर दिया गया। इस संबंध में रेंज ऑफिस कठुआ में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा जब्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि जंगलों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी अवैध कटान या तस्करी की सूचना तुरंत विभाग को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

