कठुआ में पहली बार महर्षि कश्यप जयंती पर भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में पहली बार महर्षि कश्यप जयंती पर भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़


कठुआ में पहली बार महर्षि कश्यप जयंती पर भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़


कठुआ, 05 अप्रैल (हि.स.)। महर्षि कश्यप जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को कठुआ शहर में पहली बार कश्यप बिरादरी द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यह शोभायात्रा शहर के रामलीला मैदान से शुरू होकर ओल्ड सुपर बाजार, शहीदी चैक सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पूरे शहर में निकाली गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवा वस्त्र और गले में भगवा पट्टे धारण किए हुए नजर आए, वहीं मोटरसाइकिल रैली में युवा हाथों में झंडे लिए शामिल हुए, जिससे पूरा शहर भक्तिमय माहौल में रंग गया। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण एक सुसज्जित रथ रहा, जिसमें भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और सीता की वेशभूषा में सजे बच्चे विराजमान थे, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

कश्यप बिरादरी के प्रतिनिधियों ने बताया कि महर्षि कश्यप जी की जयंती पूरे देश में 5 अप्रैल को धूमधाम से मनाई जाती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कठुआ में पहली बार इस आयोजन की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि उम्मीद से अधिक लोगों की भागीदारी देखने को मिली और भविष्य में हर वर्ष इस जयंती को और अधिक भव्य रूप से मनाया जाएगा। शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर की भी व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम को लेकर शहर में खासा उत्साह देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story