कठुआ में गौ माता के सम्मान में पैदल मार्च, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
कठुआ, 27 अप्रैल (हि.स.)। गौ सम्मान आह्वान राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत कठुआ में गौ रक्षकों ने साधु-संतों के साथ मिलकर एक प्रभावशाली पैदल मार्च निकाला। इस दौरान गौ माता के संरक्षण और सम्मान को लेकर प्रदर्शनकारियों ने जोरदार तरीके से अपनी आवाज बुलंद की।
यह पैदल मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला सचिवालय पहुंचा जहां बड़ी संख्या में गौ रक्षक और संत समाज के लोग एकत्रित हुए। पूरे मार्च के दौरान गौ माता के सम्मान में नारेबाजी की गई और लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा तथा मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नाम तहसीलदार कठुआ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने, गौ तस्करी पर सख्त कानून लागू करने तथा गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की प्रमुख मांगें शामिल रहीं। गौ रक्षकों का कहना था कि गौ माता भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है इसलिए इसके संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाने बेहद जरूरी हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

