पंजाब की फिरोजपुर जिला जेल से फरार नशा तस्कर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पकड़ा
जम्मू, 17 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पंजाब की फिरोजपुर जेल से फरार हुए एक वांछित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह तस्कर अंतर-राज्यीय नशीले पदार्थों के रैकेट में शामिल था।
फिरोजपुर की 'बस्ती रवा बाली' निवासी रमनदीप सिंह को अमृतसर जोनल यूनिट ने एक मामले में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत फिरोजपुर जिला जेल में रखा था। इस मामले में उसके पास से 21 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। न्यायिक हिरासत से फरार होने के बाद पंजाब के फिरोजपुर सिटी पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 261/262 के तहत एक और मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार पुख्ता खुफिया जानकारी और लगातार प्रयासों के आधार पर रियासी जिले के कटरा पुलिस स्टेशन की एक टीम ने उसे ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया। जेल से भागने के मामले में पंजाब पुलिस को भी इसकी तलाश थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

