जीएमसी जम्मू के बाद श्रीनगर के रेजिडेंट डॉक्टर भी स्टाइपेंड को लेकर विरोध-प्रदर्शन में हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 20 नवंबर (हि.स.)। जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में रेजिडेंट डॉक्टरों के विरोध प्रदर्शन शुरू करने के दो दिन बाद शुक्रवार को श्रीनगर के जीएमसी में पोस्टग्रेजुएट और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों ने भी आंदोलन शुरू कर दिया। वे स्टाइपेंड (भत्ते) में बढ़ोतरी और अन्य राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के बराबर स्टाइपेंड देने की मांग कर रहे हैं।

डॉक्टरों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं तब तक यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन कर रहीं डॉक्टरों में से एक डॉ. लुबना ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे जम्मू-कश्मीर के सभी मेडिकल कॉलेजों के रेजिडेंट डॉक्टरों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उनके अनुसार डॉक्टर पिछले सात-आठ महीनों से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के साथ बातचीत कर रहे हैं और जरूरी दस्तावेज भी सौंप चुके हैं लेकिन यह मुद्दा अभी तक हल नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सबसे बड़ी समस्या स्टाइपेंड में अंतर (असमानता) है। उन्होंने कहा कि शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसकेआईएमएस) के रेजिडेंट डॉक्टरों को उनसे ज्यादा स्टाइपेंड मिलता है जबकि जम्मू-कश्मीर के बाहर मिलने वाले स्टाइपेंड की तुलना में उनका स्टाइपेंड बहुत कम है। उन्होंने कहा कि अगर काम बराबर है तो स्टाइपेंड भी बराबर होना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल वे अपनी तुलना दूसरे राज्यों से नहीं कर रहे हैं बल्कि वे जम्मू-कश्मीर के भीतर ही सभी के लिए एक समान स्टाइपेंड की मांग कर रहे हैं। अपनी दूसरी मांग के बारे में उन्होंने कहा कि महिला रेजिडेंट डॉक्टरों को मैटरनिटी बेनिफिट (मातृत्व लाभ) मिलने चाहिए। उन्होंने इसे एक बुनियादी मानवाधिकार बताया जो पहले से ही सरकारी कर्मचारियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी मांगें जायज और बहुत सरल हैं। डॉ. लुबना ने बताया कि शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन का पहला दिन था। इसका मकसद जम्मू के जीएमसी के उन रेजिडेंट डॉक्टरों के प्रति एकजुटता दिखाना भी है जो इन्हीं मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। बुधवार को जम्मू के जीएमसी में विरोध प्रदर्शन के पहले दिन'ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन' की मुख्य सलाहकार डॉ. सना जावेद ने स्टाइपेंड में असमानता का मुद्दा उठाया था। यह एसोसिएशन प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों का समर्थन कर रहा है। एआईएमएसए के अनुसार जम्मू-कश्मीर में पोस्टग्रेजुएट डॉक्टरों को पहले साल में 64,000 रुपये और उसके बाद के वर्षों में 67,000 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड मिलता है। एसोसिएशन ने कहा कि डॉक्टरों की जिम्मेदारियों लंबे काम के घंटों और मरीजों की देखभाल में उनकी भूमिका को देखते हुए यह राशि बहुत कम है।

उन्होंने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और श्रीनगर के एसकेआईएमएस का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां डॉक्टरों को इससे कहीं ज्यादा स्टाइपेंड मिलता है। एआईएमएसए के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद मोमिन खान ने कहा कि पोस्टग्रेजुएट और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ हैं। वे सम्मान उचित वेतन और स्टाइपेंड में समानता पाने के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि उनकी लंबे समय से लंबित मांगों को अब और नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। डॉ. खान ने बताया कि जीएमसी श्रीनगर के पोस्टग्रेजुएट डॉक्टरों के एक प्रतिनिधिमंडल ने 17 नवंबर को सिविल सचिवालय में नए नियुक्त स्वास्थ्य सचिव से मुलाकात की और उनसे इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की।

एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू से आग्रह किया है कि वे मामले में हस्तक्षेप करें और एक ठोस सरकारी आदेश जारी करें। उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से भी इस मामले में दखल देने की अपील की है। एसोसिएशन के अनुसार यह विरोध प्रदर्शन 19 से 22 नवंबर तक चलने वाले एक चरणबद्ध कार्यक्रम का हिस्सा है जिसके दौरान डॉक्टर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की जाती हैं तो 23 नवंबर से नियमित ओपीडी सेवाएं बंद की जा सकती हैं। आगे क्या कदम उठाए जाएंगे इसका फैसला संबंधित रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन द्वारा लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780381 Articles

Share this story