नवरात्रि पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर फोकस, ओवरलोडिंग-ओवरचार्जिंग पर सख्ती के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्रि पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर फोकस, ओवरलोडिंग-ओवरचार्जिंग पर सख्ती के निर्देश


कठुआ, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उपायुक्त राजेश शर्मा ने बुधवार को डीसी कार्यालय परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में अधिकारियों की बैठक लेकर नौ दिवसीय नवरात्रि उत्सव की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने मंदिरों व प्रमुख धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, निर्बाध बिजली, यातायात, सुरक्षा और खाद्य पदार्थों के दामों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीसी ने जल शक्ति विभाग को मंदिरों व यात्रा मार्गों पर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा मंदिर प्रबंधकों को प्रसाद वितरण में पॉलीथिन से परहेज कर पारंपरिक पत्तल-दोने का इस्तेमाल करने को कहा। आरटीओ को यात्रा मार्गों पर ओवरलोडिंग और ओवरचार्जिंग रोकने जबकि ट्रैफिक पुलिस को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। तहसीलदारों की अध्यक्षता में समितियां बाजारों का नियमित निरीक्षण करेंगी और स्वच्छता, सिंगल यूज प्लास्टिक, खाद्य गुणवत्ता व अधिक वसूली पर नजर रखेंगी। लीगल मेट्रोलॉजी और खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाई की दुकानों व भोजनालयों में खाद्य गुणवत्ता और मिलावट की जांच के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीसी महिमा मदान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story