कठुआ में एफएमडी टीकाकरण अभियान की शुरुआत, 2.05 लाख पशुओं को लगेगा मुफ्त टीका

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में एफएमडी टीकाकरण अभियान की शुरुआत, 2.05 लाख पशुओं को लगेगा मुफ्त टीका


कठुआ, 02 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने जिला उपायुक्त कार्यालय परिसर से राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत फुट एंड माउथ डिजीज टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर टीकाकरण वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह जिला स्तरीय अभियान 2 जुलाई से 15 अगस्त तक चलाया जाएगा जिसके अंतर्गत पूरे जिले में करीब 2.05 लाख पशुओं को मुफ्त टीकाकरण किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य पशुओं को एफएमडी जैसी संक्रामक बीमारी से बचाना और वर्ष 2030 तक भारत को एफएमडी मुक्त बनाना है। उपायुक्त ने कहा कि फुट एंड माउथ डिजीज एक अत्यंत संक्रामक वायरल रोग है जो विशेषकर बारिश के मौसम में पशुओं को प्रभावित करता है और इससे दुग्ध उत्पादन व पशु उत्पादकता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे छह माह से अधिक आयु के सभी पात्र पशुओं का समय पर टीकाकरण करवाकर इस अभियान को सफल बनाएं।

मुख्य पशुपालन अधिकारी डॉ. युगल किशोर गुप्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत पशुओं को हर छह माह में दो बार टीका लगाया जाता है जिससे उन्हें रोग से सुरक्षा मिलती है। उन्होंने पशुपालकों से किसी भी संदिग्ध मामले की जानकारी तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सालय को देने का आग्रह किया।

इस मौके पर एडीसी महिमा मदान, एसीआर विशव प्रताप सिंह सहित पशुपालन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story