कठुआ में 3.77 करोड़ के बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू, विधायक डॉ. भरत भूषण ने किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में 3.77 करोड़ के बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू, विधायक डॉ. भरत भूषण ने किया शुभारंभ


कठुआ, 20 जून (हि.स.)। विधायक कठुआ डॉ. भरत भूषण ने शनिवार को एसएएससीआई योजना के तहत लगभग 3.77 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर फ्लड कंट्रोल डिवीजन कठुआ द्वारा गांव दिलवां (कठुआ) में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया जहां से कार्यों की औपचारिक शुरुआत हुई।

अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि अगस्त 2025 की बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी जिसमें जनहानि के साथ-साथ सड़कें, मकान, जल आपूर्ति और नदियों के किनारे बुरी तरह प्रभावित हुए थे। उन्होंने बताया कि सहार खड्ड, मग्गर खड्ड, रावी नदी और उसकी सहायक नदियों पर सुरक्षा व पुनर्स्थापना कार्यों के लिए यह राशि स्वीकृत की गई है जिससे भविष्य में नुकसान को कम किया जा सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की और अपनी अन्य मांगें भी रखीं जिन पर विधायक ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। बाद में विधायक ने कृषि विभाग द्वारा आयोजित किसान सम्मेलन में भी भाग लिया जहां प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी होने पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर संजय नागपाल, पूर्व डीडीसी उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंह बबलू, भाजपा जिला अध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story