डोडा के भलेसा में दो बादल फटने से अचानक आई बाढ़, सड़कें अवरुद्ध
डोडा, 1 जुलाई (हि.स.)। बुधवार को डोडा ज़िले के भलेसा इलाके के कलालगिसार में भारी बारिश के कारण दो बार बादल फटे जिससे अचानक बाढ़ आ गई और मलबे के बहाव से कई सड़कें बंद हो गईं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रशासन स्थिति पर कड़ी नज़र रख रहा है क्योंकि इलाके में लगातार भारी बारिश हो रही है जिससे भूस्खलन और सड़कों के बाधित होने की आशंका बढ़ गई है।
अचानक आई बाढ़ अपने साथ भारी मात्रा में मलबा ले आई जिससे भलेसा इलाके के कई गांवों का संपर्क टूट गया। अधिकारियों ने कहा कि मौसम ठीक होने पर बहाली का काम शुरू किया जाएगा। इस बीच प्रशासन ने निवासियों को सलाह दी है कि वे जोखिम वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचें और सड़क संपर्क बहाल होने तक आधिकारिक सलाह का सख्ती से पालन करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

