डोडा के ठाठरी में भारी बारिश से अचानक आई बाढ़, घरों, दुकानों और गाड़ियों को नुकसान, एनएच -244 बंद
डोडा, 7 जुलाई (हि.स.)। भारी बारिश के कारण डोडा जिले के ठाठरी कस्बे में अचानक बाढ़ और भूस्खलन हुआ जिससे घरों, दुकानों, वाहनों और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को व्यापक क्षति पहुंची। कीचड़ और मलबे से लदे बाढ़ के पानी ने ठाठरी के कई इलाकों में तबाही मचा दी, जिससे दर्जनों आवासीय मकान, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ वाहन भी बाढ़ में बह गए।
अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश से हुए भूस्खलन और मिट्टी के खिसकने से डोडा-किश्तवार राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-244) कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया जिससे वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। अधिकारियों ने बताया कि राजमार्ग पर मलबा हटाने और यातायात बहाल करने के लिए पुनर्निर्माण दल को काम पर लगा दिया गया है जबकि अचानक आई बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन जारी है। किसी के जानमाल के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं है जबकि प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

