भिनी नदी में फ्लैश फ्लड-पुलिस एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई, दो लोगों की जान बची
कठुआ, 24 जुलाई (हि.स.)। जिला कठुआ के बिलावर क्षेत्र में भिनी नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से फंसे दो व्यक्तियों को जम्मू-कश्मीर पुलिस और एसडीआरएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर सुरक्षित बचा लिया। दोनों व्यक्ति सुबह के समय नदी के पास गए थे तभी अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और वे नदी के बीच फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना बिलावर की टीम मौके पर पहुंची। यह अभियान एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के समग्र पर्यवेक्षण तथा एसपी ऑप्स अपर कठुआ और एसडीपीओ बिलावर नीरज पड्यार की निगरानी में चलाया गया। एसडीआरएफ टीम भी तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हुई। टीम ने कड़ी मेहनत और सूझबूझ से दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को बिना किसी चोट के सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने इस सफल अभियान के लिए सभी टीमों की तत्परता और समन्वय की सराहना की है। जिला पुलिस कठुआ ने आम जनता से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों के पास जाने से बचें और सावधानी बरतें ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

