सोपोर में प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ के मामले में पांच और गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now


सोपोर, 15 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने बुधवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में एक छात्रा के साथ एक लेक्चरर द्वारा यौन उत्पीड़न के विरोध प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ में शामिल पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या अब बढ़कर 13 हो गई है।

पुलिस ने बताया कि सोपोर के एक सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय के एक वरिष्ठ लेक्चरर पर सोमवार को एक छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया गया था। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में हाल ही में हुए छात्र प्रदर्शन को बाधित करने वाले तत्वों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई जारी रखते हुए सोपोर पुलिस ने रात भर चले छापों के दौरान पांच और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी, छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल हुए और कानून-व्यवस्था बिगाड़ी जिसमें तोड़फोड़ भी शामिल है जिससे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

पुलिस ने बताया कि पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि सोपोर पुलिस सभी दोषियों के खिलाफ त्वरित और लक्षित कार्रवाई जारी रखे हुए है। अधिकारियों ने बताया कि 13 और लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने आगे कहा कि जब तक ऐसे सभी तत्वों को न्याय के कटघरे में नहीं लाया जाता तब तक छापेमारी और तलाशी अभियान जारी रहेंगे।

पुलिस ने कहा कि वह किसी भी व्यक्ति को संवेदनशील परिस्थितियों का फायदा उठाकर जन शांति भंग करने की अनुमति नहीं देगी। उन्होंने कहा कि अव्यवस्था फैलाने में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। सोपोर पुलिस शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सोपोर के लोगों द्वारा दिए गए निरंतर सहयोग और समर्थन की सराहना करती है और सभी नागरिकों से सतर्क रहने और कानून प्रवर्तन एजेंसियों का सहयोग जारी रखने का आग्रह करती है।

सोमवार को मामला सामने आने के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। शिक्षा विभाग के निदेशक ने लेक्चरर को निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। विभाग के संयुक्त निदेशक (उत्तर कश्मीर) को इस मामले में जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है और उनसे 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story