एनडीपीएस अधिनियम के तहत पांच मादक पदार्थों के तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now


अनंतनाग, 01 मई (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर में 'नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान' के तहत मादक पदार्थों की तस्करी पर कार्रवाई तेज होने के साथ ही अनंतनाग पुलिस ने शुक्रवार को जिले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत पांच मादक पदार्थों के तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपने निरंतर अभियान को जारी रखते हुए अनंतनाग पुलिस ने जिले भर में कई सफलताएं हासिल की हैं जिसके परिणामस्वरूप 4 एनडीपीएस मामले दर्ज किए गए हैं और 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बयान में कहा गया है कि कोकरनाग पुलिस स्टेशन की एक नाका पार्टी ने सागम, कोकरनाग में एक संदिग्ध मारुति सुजुकी फ्रोंक्स (जेके03क्यू-4233) को रोका जिसने भागने का प्रयास किया लेकिन चतुराई से उसे रोक लिया गया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों जिनकी पहचान अनंतनाग निवासी आकिब निसार रंगराज और किश्तवाड निवासी उमर यूसुफ महरू के रूप में हुई है को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके पास से 13.36 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया गया।

तदनुसार एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर संख्या 39/2026 दर्ज की गई।

इसी प्रकार पुलिस ने बताया कि महमूदबाद पुल पर डूरू पुलिस स्टेशन की नाका टीम ने तिलवांगुंड निवासी रमीज बशीर भट को गिरफ्तार किया और तलाशी के दौरान उसके पास से 2.65 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया जिसके आधार पर एफआईआर संख्या 64/2026 दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story