पांच नशीले पदार्थों के तस्कर गिरफ्तार, 3.93 किलोग्राम नशीले पदार्थ जब्त

WhatsApp Channel Join Now

अनंतनाग, 05 मई (हि.स.)। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पुलिस ने मंगलवार को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत चार मामले दर्ज किए, पांच नशीले पदार्थों के तस्करों को गिरफ्तार किया और जिले भर में चलाए गए विभिन्न अभियानों के दौरान 3.93 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ बरामद किए।

एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अनंतनाग पुलिस ने जिले के विभिन्न हिस्सों में कई गिरफ्तारियों और बरामदगी के साथ अपने चल रहे नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पहले अभियान में मट्टन पुलिस स्टेशन की एक पुलिस टीम ने संदूज रोड पर क्रिकेट स्टेडियम के पास सीर हमदान में नियमित गश्त के दौरान एक संदिग्ध को रोका। वह व्यक्ति सीर से संदूज की ओर संदिग्ध तरीके से जा रहा था जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 530 ग्राम चरस पाउडर जैसा पदार्थ और 3.345 किलोग्राम पिसी हुई अफीम की भूसी बरामद की। आरोपी की पहचान सीर हमदान निवासी गुलाम मोहम्मद मीर के पुत्र इशाक अहमद मीर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे कुख्यात ड्रग तस्कर बताया है। इस संबंध में मट्टन पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर संख्या 50/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

एक अन्य अभियान में बिजबिहाड़ा पुलिस स्टेशन ने लैंडिंग स्ट्रिप बिजबिहाड़ा के पास एनएचडब्ल्यू-44 पर नाकाबंदी की जिसके दौरान दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान क़ैमोह खुदवानी निवासी गुल मोहम्मद शाह के पुत्र तालिब गुल शाह और अनंतनाग के सदूरा रेलवे कॉलोनी निवासी गुल मोहम्मद मलिक के पुत्र आकिब अहमद मलिक के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान, 8.18 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ और पॉलीथीन बरामद की गई। इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8, 21 और 29 के तहत एफआईआर संख्या 116/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

एक अन्य अभियान में बिजबिहाड़ा पुलिस स्टेशन ने रेलवे क्रॉसिंग हसनपोरा पर नाका चेकिंग के दौरान मोहम्मद यूसुफ सोफी के पुत्र शफकत अहमद सोफी निवासी क़ैमोह खुदवानी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से 5.58 ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद किया। उसके खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत एफआईआर संख्या 117/2026 दर्ज की गई है।

एक अन्य अभियान में पुलिस ने तुलखान रोड बिजबिहाड़ा पर नाका चेकिंग के दौरान मुश्ताक अहमद डार के पुत्र जाफर मुश्ताक डार निवासी तुलखान को पकड़ा। तलाशी के दौरान, कॉर्न फ्लेक्स में छिपाई गई 49 ग्राम चरस बरामद की गई। उसके खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम के तहत एफआईआर संख्या 118/2026 दर्ज की गई है।

इन समन्वित अभियानों के साथ अनंतनाग पुलिस ने जिले में ड्रग नेटवर्क को खत्म करने और युवाओं को नशे से बचाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है। जनता से मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित जानकारी साझा करने का भी आग्रह किया गया है साथ ही सख्त गोपनीयता का आश्वासन भी दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story