विश्व साइकिल दिवस पर कठुआ में फिट इंडिया रैली, 620 साइकिल चालकों ने दिया नशा मुक्त समाज का संदेश
कठुआ, 03 जून (हि.स.)। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग कठुआ द्वारा बुधवार को फिट इंडिया पहल के तहत विश्व साइकिल दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न जोनों से करीब 620 साइकिल चालकों ने भाग लेकर फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और नशा मुक्त भारत का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान साइकिल चालकों ने जोश और ऊर्जा के साथ रैली निकालते हुए नियमित व्यायाम के महत्व और नशे से दूर रहने के प्रति जागरूकता फैलाई। प्रतिभागियों ने “नशा मुक्त भारत” की शपथ भी ली और स्वस्थ एवं नशा मुक्त जीवन जीने का संकल्प दोहराया।
इस मौके पर विभागीय अधिकारियों ने कहा कि साइकिलिंग एक पर्यावरण अनुकूल, किफायती और प्रभावी माध्यम है जो शरीर को फिट रखने के साथ-साथ संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, कठुआ द्वारा जिले में खेल, फिटनेस और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

