5 से 8 नवंबर तक सजेंगे पटाखों के स्टॉल
जम्मू,, 04 नवंबर (हि.स.)।
त्योहारों के सीजन को देखते हुए जम्मू के जेडीए ग्राउंड में 5 से 8 नवंबर तक पटाखों के स्टॉल लगाने की मंजूरी दी गई है। प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, मैदान में केवल उन्हीं दुकानदारों को अस्थायी स्टॉल लगाने की अनुमति होगी जिनके पास वैध लाइसेंस होगा। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फायर सर्विसेज विभाग की ओर से मौके पर फायर टेंडर तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा एसडीएम और पुलिस की टीमें लगातार निरीक्षण करेंगी, ताकि सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने केवल ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति दी है। साथ ही लोगों को सरकार द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर ही आतिशबाजी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का मकसद त्योहारों के दौरान लोगों को पटाखों की खरीदारी के लिए एक निर्धारित और सुरक्षित स्थान उपलब्ध करवाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

