किश्तवाड़ में पहाड़ी पर लगी आग, 11 घंटे के अभियान के बाद आग पर पाया गया काबू

WhatsApp Channel Join Now

किश्तवाड़, 10 नवंबर (हि.स.)। किश्तवाड़ में एक पहाड़ी ढलान पर भीषण आग लग गई जिस पर मंगलवार सुबह 11 घंटे के संयुक्त अभियान के बाद काबू पा लिया गया। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। आग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है हालांकि इससे पौधों को व्यापक नुकसान पहुंचा है और सूखी घास ने लपटों को तेजी से फैलने में मदद की।

किश्तवाड़ जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर त्रिगम में लगी आग से लगभग 1,000 कनाल (125 एकड़) सरकारी जमीन प्रभावित हुई। यह जानकारी किश्तवाड़ अग्निशमन स्टेशन मुख्यालय के प्रभारी फारूक अहमद मीर ने दी।

सोमवार शाम करीब 6:54 बजे पहाड़ियों के निचले इलाकों में आग लग गई और ऊपर की ओर फैलती चली गई जिससे पालन और पेडल गांवों को खतरा पैदा हो गया। अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं ने आग पर काबू पाने और उसे आगे फैलने से रोकने के लिए तुरंत अभियान शुरू किया। गांवों की सुरक्षा के लिए रणनीतिक रूप से अग्निशमन वाहन तैनात किए गए जबकि आग बुझाने वाले यंत्रों से लैस दमकल कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया।

उन्होंने बताया कि यह अभियान विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण था क्योंकि आग अंतिम मोटर योग्य सड़क से लगभग दो किलोमीटर आगे तक फैल चुकी थी। उन्होंने बताया कि अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं, नागरिक प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ कर्मियों और स्थानीय स्वयंसेवकों के लगभग 11 घंटे के निरंतर प्रयासों के बाद सुबह करीब 6 बजे आग पर काबू पा लिया गया। इन सभी ने रात भर अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक किश्तवाड़ सनी गुप्ता ने नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया और अग्निशमन अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आग लगने का सटीक कारण अभी तक अज्ञात है हालांकि पटाखे या किसी अन्य स्रोत से आकस्मिक आग लगने का संदेह है।

पुलिस घटना के आसपास की परिस्थितियों की जांच कर रही है। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और किश्तवाड़ की विधायक शगुन परिहार ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774734 Articles

Share this story