दिवंगत ग्रिफ कर्मी के परिवार को 21.14 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
कठुआ, 14 अक्टूबर (हि.स.)। कार्यस्थल पर जान गंवाने वाले 69 रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी ग्रिफ के आकस्मिक श्रमिक दीपक कुमार उर्फ दीपक कुमार विश्वकर्मा के परिवार को श्रम विभाग कठुआ की ओर से पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की गई। सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय ने बुधवार को दिवंगत श्रमिक की पत्नी रमा कुमारी को यह राशि वितरित करने की प्रक्रिया पूरी की।
इस राशि के वितरण के साथ ही परिवार को अब तक मिली कुल मुआवजा एवं अनुग्रह सहायता की राशि बढ़कर 21 लाख 14 हजार 600 रुपये हो गई है। इसमें पहले प्राप्त 11,27,852 रुपये और 4,86,748 रुपये की सहायता के साथ अब दिए गए पांच लाख रुपये शामिल हैं।
श्रम विभाग के अनुसार यह आर्थिक सहायता निर्धारित प्रावधानों और प्रक्रिया के तहत प्रदान की गई। विभाग ने कहा कि श्रमिकों और उनके आश्रितों के हितों की रक्षा तथा जरूरत के समय आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध करवाना उसकी प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

