एफईएस भर्ती पेपर लीक घोटाला: 12 और आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 27 जुलाई (हि.स.)। एंटी-करप्शन ब्यूरो ने जम्मू-कश्मीर फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज भर्ती पेपर लीक घोटाले के मामले में 12 और लोगों को गिरफ्तार किया है। यह इस हाई-प्रोफाइल भर्ती धोखाधड़ी की चल रही जांच में एक बड़ी कामयाबी है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार ये गिरफ्तारियां प्राथमिकी नंबर 01/2025 की जांच के दौरान की गईं। यह प्राथमिकी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने और गड़बड़ियों के पीछे की बड़ी आपराधिक साजिश की जांच के लिए दर्ज की गई थी। लंबी जांच और सबूत इकट्ठा करने के बाद आरोपियों को हिरासत में लिया गया। हाल ही में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अब्दुल माजिद गनी (चाडूरा, बडगाम), बिलाल अहमद हलवाई (बिजबेहारा, अनंतनाग), इरशाद-उल-हमीद हकीम (हाजिन, बांदीपोरा), शाहनवाज अहमद खान (सुंबल, बांदीपोरा), अली मोहम्मद भट (चाडूरा, बडगाम), शब्बीर अहमद मलिक (सोइबुग, बडगाम), मोहम्मद अकरम भट (धर्मुन्ना, बडगाम), मुश्ताक अहमद राठी (टंगमर्ग), समीर उल्लाह राथर (चाडूरा, बडगाम), मुजफ्फर अहमद भट (काकापोरा, पुलवामा), जाकिर हुसैन (फागसू, डोडा) और संजय दत्ता (जम्मू) के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने कहा कि ये गिरफ्तारियां एसीबी की उन कोशिशों का हिस्सा हैं जिनके तहत पेपर लीक में शामिल पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है, सभी लाभार्थियों की पहचान की जा रही है और भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता से समझौता करने में हर आरोपी की भूमिका तय की जा रही है।

जांच एजेंसी ने संकेत दिया है कि जांच कई मोर्चों पर आगे बढ़ रही है। जैसे-जैसे जांचकर्ता सबूतों की जांच कर रहे हैं और बड़ी साजिश का पता लगा रहे हैं और गिरफ्तारियां, तलाशी और कानूनी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story