डॉ. फारूक ने पार्टी विधायकों को पत्र लिखकर पार्टी और सरकार के बीच तालमेल मजबूत करने के लिए मंत्री-वार सलाहकार समूह बनाने का प्रस्ताव दिया

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 10 नवंबर (हि.स.)।

एक अहम घटनाक्रम में नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने पार्टी के सभी विधायकों को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने विधायकों से अपनी पसंद बताने को कहा है ताकि उन्हें मंत्रियों के साथ अनौपचारिक सलाहकार समूहों में शामिल किया जा सके।

लिखे पत्र के अनुसार एनसी अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी विधायकों के साथ हाल ही में हुई एक बैठक में यह तय किया गया था कि हर मंत्री के साथ विधायकों का एक अनौपचारिक सलाहकार समूह बनाया जाएगा। पत्र में लिखा है कि ये विधायक पार्टी और सरकार के बीच एक पुल का काम करेंगे। मंत्रियों से कहा जाएगा कि वे अपने सलाहकार समूहों के साथ नियमित बैठकें करें और उन्हें नीतिगत पहलों तथा उनके संबंधित विभागों में हो रही प्रगति के बारे में जानकारी देते रहें।इस कदम को हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पार्टी विधायकों के बीच पनपी नाराजगी को दूर करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

पार्टी नेतृत्व को सौंपे गए एक ज्ञापन में नाराज विधायकों ने मंत्रियों के साथ विधायकों की सलाहकार समितियां बनाने का सुझाव दिया था। पत्र के मुताबिक एक विधायक अधिकतम दो सलाहकार समूहों का सदस्य बन सकता है। विधायकों से कहा गया है कि वे अपनी पसंद के आधार पर तीन मंत्रियों की सूची लिखकर जमा करें। पत्र में कहा गया है कि इसके बाद सूचियां तैयार करके जारी कर दी जाएंगी। कृपया सुनिश्चित करें कि सभी विधायक अपनी पसंद बता दें। इस प्रक्रिया को दो सप्ताह के भीतर पूरा कर लें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story