फारूक अब्दुल्ला ने ईरान पर हमलों को बताया- किसी भी देश पर आक्रमण करना गलत

WhatsApp Channel Join Now

कटरा, 05 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसी भी देश को दूसरे राष्ट्र पर अपना नियंत्रण थोपने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष पर केंद्र सरकार की स्थिति स्पष्ट करना उसकी जिम्मेदारी है।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि ईरान एक स्वतंत्र देश है। किसी भी देश पर आक्रमण करना गलत है। किसी भी देश को दूसरे राष्ट्र पर अपना नियंत्रण थोपने का अधिकार नहीं है। उन्होंने वेनेजुएला के साथ भी ऐसा ही किया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने व्यापक परिणामों की चेतावनी देते हुए कहा कि इस युद्ध का प्रभाव आने वाले दिनों में पूरी दुनिया में महसूस किया जा सकता है और उन्होंने आशंका जताई कि स्थिति एक बड़े वैश्विक संघर्ष में तब्दील हो सकती है, संभवतः तीसरे विश्व युद्ध में भी।

उन्होंने कहा कि यह किसी बड़ी घटना को जन्म दे सकता है और अंत में यह तीसरे विश्व युद्ध की शुरुआत कर सकता है। उन्होंने कहा और साथ ही यह भी जोड़ा कि स्थिति को जिम्मेदारी से संभाला जाना चाहिए। घटनाक्रम को लेकर जनता की भावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मुसलमानों में आक्रोश है लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण होने चाहिए।

कश्मीर घाटी में अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनी की हत्या के विरोध में प्रदर्शन हुए हैं। देश के रुख से संबंधित एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भारत सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपना पक्ष स्पष्ट करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story