जम्मू में 2 मार्च को मनाई जाएगी फाल्गुन पूर्णिमा, व्रत व पूजा का विशेष महत्व

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू में 2 मार्च को मनाई जाएगी फाल्गुन पूर्णिमा, व्रत व पूजा का विशेष महत्व


जम्मू, 27 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू में फाल्गुन पूर्णिमा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ज्योतिषाचार्य ने बताया कि फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को फाल्गुन पूर्णिमा कहा जाता है, जिसका सनातन धर्म में अत्यंत महत्व है। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष पूर्णिमा तिथि 2 मार्च 2026 को सायं 5:56 बजे प्रारंभ होगी और 3 मार्च 2026 को सायं 5:08 बजे समाप्त होगी। हालांकि 3 मार्च को सूर्य उदय व्यापिनी पूर्णिमा तिथि के साथ सूतक और चंद्र ग्रहण दोपहर व शाम तक रहेगा। ग्रहण समाप्त होने तक पूर्णिमा तिथि भी समाप्त हो जाएगी इसलिए 2 मार्च 2026 को व्रत रखना अधिक शुभ और उचित माना गया है।

महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि इस दिन विष्णु के श्री सत्यनारायण स्वरूप की कथा पढ़ना, सुनना या पूजा करवाना अत्यंत फलदायी होता है। साथ ही गणेश, शिव भगवान, माता पार्वती और चंद्रदेव की पूजा का भी विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार फाल्गुन पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान का विशेष महत्व है। जम्मू के श्रद्धालु भी इस दिन प्रातःकाल स्नान कर पूजा-अर्चना करेंगे। यदि गंगा आदि पवित्र नदियों में स्नान संभव न हो तो घर पर स्नान के जल में गंगाजल मिलाकर स्नान करना और जरूरतमंदों को दान देना शुभ माना गया है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि इस दिन तामसिक भोजन, नशीले पदार्थों से दूर रहें, ब्रह्मचर्य का पालन करें और सात्विक आचरण अपनाएं, ताकि आध्यात्मिक लाभ के साथ जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story