एफए परीक्षा विवाद में छात्रों को न्याय मिलेगा मंत्री शमीमा फिरदौस

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 18 नवंबर (हि.स.)।

शिक्षा और जल शक्ति मंत्री शमीमा फिरदौस ने बुधवार को आश्वासन दिया कि जम्मू में चल रहे एफए परीक्षा विवाद में किसी भी वास्तविक उम्मीदवार के साथ अन्याय नहीं होगा। साथ ही उन्होंने सड़े हुए मांस की सप्लाई में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

श्रीनगर में खानकाह-ए-मौला दरगाह के दौरे के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री फिरदौस ने कहा कि हर छात्र के साथ निष्पक्ष व्यवहार किया जाएगा और उन्हें न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें शामिल हर छात्र के साथ निष्पक्ष व्यवहार किया जाएगा और उन सभी को न्याय मिलेगा।

सड़े हुए मांस की बरामदगी पर मंत्री ने इस घटना को गंभीर बताया और इसके परिवहन और सप्लाई में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और जहां जरूरी हो वहां उन पर पब्लिक सेफ्टी एक्ट भी लगाया जाना चाहिए।

सरकारी पाठ्यपुस्तकों की अनुपलब्धता की शिकायतों पर फिरदौस ने बताया कि 15 नवंबर से स्कूलों में किताबें उपलब्ध करा दी गई हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि छात्रों को कोई परेशानी न हो। मंत्री ने बताया कि स्कूलों के समय (स्कूल टाइमिंग) को लेकर फैसला लेने से पहले चिल्ड्रेन हॉस्पिटल के अधिकारियों के साथ भी चर्चा की गई थी। सर्दियों की छुट्टियों के बारे में उन्होंने कहा कि जैसे ही मौसम की स्थिति को देखते हुए जरूरत होगी सरकार बिना किसी देरी के छुट्टियों की घोषणा कर देगी। साथ ही कई स्कूलों में हीटिंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने की बात को भी ध्यान में रखा जाएगा। लंबे समय से चल रहे सूखे और पीने के पानी की कमी को लेकर फिरदौस ने बताया कि पूरे जम्मू-कश्मीर में जल स्रोतों की स्थिति की समीक्षा के लिए एक बैठक बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि हम पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने पर ध्यान देंगे जिनमें हरवान और कोकरनाग के झरने शामिल हैं। पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए पूरे क्षेत्र में लगभग 300 झरनों की पहचान की गई है जिनमें से 90 प्रमुख स्रोत हैं जिन्हें फिर से बहाल किया जाएगा।

किराये की इमारतों में चल रहे सरकारी स्कूलों के बारे में उन्होंने माना कि ज़मीन की उपलब्धता, खासकर घनी आबादी वाले श्रीनगर में एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि फंड की कोई कमी नहीं है, असली समस्या ज़मीन की उपलब्धता है।

उन्होंने आगे बताया कि श्रीनगर और आस-पास के इलाकों में उपयुक्त ज़मीन खोजने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779001 Articles

Share this story