प्रतिनिधिमंडल का दौरा अच्छी तरह से चल रहा हैसांसद:शशि थरूर

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 23 जून (हि.स.)। विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति के प्रमुख के तौर पर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के दौरे पर आए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने मंगलवार को कहा कि प्रतिनिधिमंडल का दौरा अच्छी तरह से चल रहा है और इसके सदस्य केंद्र शासित प्रदेश का दौरा पूरा करने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचेंगे।

पत्रकारों से बात करते हुए थरूर ने कहा कि 10 सदस्यों वाले इस प्रतिनिधिमंडल ने अब तक सिर्फ़ जम्मू में सुचेतगढ़ बॉर्डर का दौरा किया है और पासपोर्ट ऑफ़िस व पासपोर्ट सेवा केंद्र के कामकाज का जायज़ा लिया है।

उन्होंने कहा, अब हम श्रीनगर जा रहे हैं, जहाँ हम उप-राज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ बातचीत करेंगे। इसके बाद हम परसों कारगिल और उसके अगले दिन लेह जाएँगे। सब कुछ देखने-समझने के बाद ही हम तय करेंगे कि क्या लिखना है।

बता दें कि बीते रोज़ विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति ने केंद्र शासित प्रदेश में अपने चल रहे कार्यक्रमों के तहत जम्मू का दौरा किया।

जम्मू में क्षेत्रीय पासपोर्ट ऑफ़िस और पासपोर्ट सेवा केंद्र का दौरा करने के बाद, थरूर ने एक्स पर पोस्ट किया, ऐसा लगता है कि वे सुचारू रूप से काम कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story