जनजातीय गौरव पखवाड़ा-जीडीसी बनी में निबंध व कहानी लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित
बनी, 04 नवंबर (हि.स.)। जीडीसी बनी में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में निबंध एवं कहानी लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. डॉ. नीना गुप्ता के संरक्षण में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान निबंध लेखन प्रतियोगिता का विषय ‘स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समुदायों का योगदान’ तथा कहानी लेखन प्रतियोगिता का विषय ‘मेरी जनजातीय विरासत की कहानियां’ रखा गया। प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और योगदान को उजागर करने के साथ-साथ जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
विद्यार्थियों ने अपने निबंधों और कहानियों के माध्यम से जनजातीय विद्रोहों, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, मौखिक परंपराओं तथा जनजातीय जीवनशैली के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रो. नसीब भगत, डॉ. रितु कुमार, डॉ. रेशम सिंह, डॉ. निशा देवी, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. मुल्ख राज, डॉ. सैयद मुजतबा, डॉ. फैयाज अहमद मलिक, डॉ. नेहा मनहास, डॉ. कीर्ति अत्री, डॉ. सरिता भूषण तथा इशरत बानो सहित कॉलेज के अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

