रिश्वतखोरी मामले में ईपीएफओ के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त और वरिष्ठ सुरक्षा सहायक गिरफ्तार
श्रीनगर, 01 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) बटमालू, कश्मीर क्षेत्र, श्रीनगर के दो लोक सेवकों - एक क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त (आरपीएफसी) और एक वरिष्ठ सुरक्षा सहायक को रिश्वतखोरी के एक मामले में शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने उक्त आरोपियों के खिलाफ 31.03.2026 को मामला दर्ज किया था। आरोप है कि आरोपी क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त ने शिकायतकर्ता के स्कूल के खिलाफ प्रतिकूल कार्रवाई न करने और भारी जुर्माना न लगाने के लिए शिकायतकर्ता से 1,50,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी वरिष्ठ सुरक्षा सहायक को शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। रिश्वत लेने की बात कबूल करने के बाद आरोपी आरपीएफसी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में विनय कुमार क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) बटमालू, कश्मीर क्षेत्र, अमीन सोफी वरिष्ठ सुरक्षा सहायक कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) बटमालू कश्मीर क्षेत्र, श्रीनगर शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

