ईओडब्ल्यू ने 1.41 करोड़ रुपये के निवेश धोखाधड़ी मामले में चार आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 25 नवंबर (हि.स.)। क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने 1.41 करोड़ रुपये के निवेश धोखाधड़ी मामले में चार आरोपितों के खिलाफ जम्मू के विद्युत मजिस्ट्रेट की अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है।

सीबीजे प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला राजौरी के सियोट निवासी सुमित शर्मा और सनी सूडान की लिखित शिकायत से शुरू हुआ, जो जम्मू के पटोली ब्राह्मणा में रहते हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने उन्हें मेसर्स माइक्रो डॉलर एसोसिएट्स और ऑफशोर ट्रेडिंग फर्म के माध्यम से आकर्षक लाभ का झांसा देकर 36 लाख रुपये का चूना लगाया। जांच में पता चला कि आरोपितों ने शिकायतकर्ताओं सहित कई निवेशकों से कुल 1,41,71,700 रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपितों ने एचडीएफसी बैंक की बहू प्लाजा शाखा में कार्यरत नीलम भट और यशपाल शर्मा को थोड़े ही समय में निवेश दोगुना करने के साथ-साथ 20% से 25% वार्षिक ब्याज देने का वादा किया।

जांच में यह साबित हुआ कि फर्म न तो कानूनी रूप से पंजीकृत थी और न ही कंपनी रजिस्ट्रार और भारतीय रिजर्व बैंक से वित्तीय गतिविधियों को संचालित करने के लिए अधिकृत थी। आरोपितों ने कथित तौर पर अपने बैंकिंग संपर्कों का दुरुपयोग किया, बैंक दस्तावेजों में हेराफेरी की और अपराध की आय को व्यक्तिगत लाभ के लिए इस्तेमाल किया, जिसमें सोने के आभूषण और निर्माण सामग्री की खरीद शामिल है। एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर अश्वनी कुमार भट, नीलम भट, यशपाल शर्मा और अनुराधा शर्मा के खिलाफ आईपीसी की धारा 120-बी, 418, 420, 467, 468 और 471 तथा आरबीआई अधिनियम, 1934 की धारा 58बी(4ए) के तहत आरोप पत्र दाखिल किया गया है।

एसएसपी क्राइम ब्रांच ईओडब्ल्यू जम्मू ने आम जनता को ऐसे आर्थिक धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने और किसी भी घटना की सूचना क्राइम ब्रांच ईओडब्ल्यू जम्मू को देने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story