ईओडब्लू ने 93 लाख रुपये के जमीन धोखाधड़ी मामले में दाखिल की चार्जशीट

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 28 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने दक्षिण कश्मीर में प्रवासियों की जमीन और वहां खड़े पेड़ों से जुड़े 93 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपितों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की है।

ईओडब्ल्यू के अनुसार, एफआईआर संख्या 17/2026 के तहत श्रीनगर के सब-जज की अदालत में दाखिल चार्जशीट में सोम नाथ कौल (उर्फ बृज नाथ भट) और जमीन दलाल गुलाम मोहि-उद-दीन डार को आरोपित बनाया गया है।

मामला शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था। आरोप है कि दोनों ने खुद को संपत्ति का मालिक बताकर और जमीन बेचने का अधिकार होने का झूठा दावा कर शिकायतकर्ता से 93 लाख रुपये की ठगी की। धोखाधड़ी पुलवामा के ड्रूसू में प्रवासियों की पांच कनाल जमीन और बिजबेहरा में खड़े 300 पेड़ों से संबंधित है।

जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता के पक्ष में फर्जी समझौते तैयार किए गए थे, जबकि आरोपितों के पास न तो संबंधित संपत्ति का मालिकाना हक था और न ही वास्तविक मालिकों से उसे बेचने का कानूनी अधिकार मिला था।

ईओडब्ल्यू ने बताया कि विशेष टीम ने सितंबर 2026 में दोनों आरोपितों को तलाश कर गिरफ्तार किया था। कौल कई वर्षों से फरार था और कथित तौर पर बृज नाथ भट, हादी नाथ तथा मोहन लाल समेत कई अलग-अलग पहचान का इस्तेमाल कर रहा था। वह फिलहाल श्रीनगर सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में है। उसके खिलाफ यह तीसरी चार्जशीट दाखिल की गई है। क्राइम ब्रांच कश्मीर में उसके खिलाफ कई अन्य मामले भी दर्ज हैं, जिनकी जांच जारी है।

ईओडब्ल्यू ने कहा कि दोनों आरोपितों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद न्यायिक कार्यवाही के लिए चार्जशीट दाखिल की गई है।

ईओडब्ल्यू कश्मीर के एसएसपी ने आम लोगों से संपत्ति खरीदने या बेचने से पहले मालिकाना हक और संबंधित दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करने की अपील की है, जिससे कि धोखाधड़ी और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784546 Articles

Share this story