ईओडब्लू कश्मीर ने बांदीपोरा में फर्जी सर्टिफिकेट के जरिए नौकरी पाने के मामले में तीन लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की

WhatsApp Channel Join Now

बांदीपोरा, 26 नवंबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर क्राइम ब्रांच की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्लू) कश्मीर ने नौकरी पाने के लिए फर्जी शैक्षणिक सर्टिफिकेट का इस्तेमाल करने के मामले का खुलासा किया है।

इस मामले में ईओडब्लू ने बांदीपोरा के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजीएम) की अदालत में तीन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।

एक बयान में प्रवक्ता ने बताया कि एफआईआर नंबर 62/2021 (आईपीसी की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत) में तीन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है। आरोपियों की पहचान जाहिद मजीद मीर पुत्र अब्दुल मजीद मीर, निवासी: कुलूसा, बांदीपोरा, उल्फत जान पुत्री मती-उल्लाह खान निवासी बांदीपोरा और रुकैया अख्तर पुत्री बशीर अहमद भट निवासी बांदीपोरा के रूप में की गई है।

प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला बांदीपोरा जिले के उन उम्मीदवारों की शिकायत से जुड़ा है जिनका चयन नहीं हो पाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि जाहिद मजीद, उल्फत जान और रुकैया अख्तर ने भर्ती प्रक्रिया में अनुचित लाभ पाने के लिए अपने शैक्षणिक सर्टिफिकेट के साथ छेड़छाड़ की थी। ये सर्टिफिकेट खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग', बांदीपोरा में क्लास-चार पदों की भर्ती के लिए थे (जिसके लिए 21 अक्टूबर 2017 को विज्ञापन संख्या 01/2017 जारी किया गया था)। इन आरोपों की सच्चाई का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए गए थे।

जांच के दौरान यह सामने आया कि जाहिद मजीद ने अपने 10वीं कक्षा के अंकों को 359/500 से बढ़ाकर 420/500 कर दिया था और 12वीं कक्षा के अंकों को 295/500 से बढ़ाकर 393/500 कर दिया था। इसी तरह उल्फत जान ने 10वीं कक्षा में अपने असली 185/500 अंकों की जगह 336/500 अंक और 12वीं कक्षा में असली 297/750 अंकों की जगह 492/750 अंक दिखाए थे। रुकैया अख्तर ने 10वीं कक्षा के अपने अंकों को 261/500 से बढ़ाकर 405/500 कर लिया था जबकि 12वीं कक्षा का उसका सर्टिफिकेट जिसमें 629/750 अंक दिखाए गए थे फर्जी पाया गया क्योंकि जेकेबोस ने पुष्टि की कि वह परीक्षा में शामिल ही नहीं हुई थी।

एफएसएल की राय से आईपीसी की धारा 467 के तहत जालसाजी की पुष्टि हुई। जुटाए गए सबूतों से तीनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत अपराध साबित होते हैं। इसके अनुसार न्यायिक फैसले के लिए सक्षम अदालत के समक्ष चार्जशीट पेश कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story