राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा काफिले की आवाजाही से लोगों को परेशानी न हो- मंत्री सकीना इट्टू

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 30 अक्टूबर(हि.स.)। जम्मू-कश्मीर की मंत्री सकीना इट्टू ने शुक्रवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से आग्रह किया कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा काफिलों की आवाजाही के कारण होने वाले बार-बार के ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए कदम उठाएं। एक्स पर एक पोस्ट में इट्टू ने कहा कि सुरक्षा सर्वोपरि है लेकिन हमारे लोगों की भलाई भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

इट्टू ने लिखा श्रीनगर-अनंतनाग-कुलगाम-काजीगुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर अक्सर सफर करते समय एम्बुलेंस को फंसा हुआ देखना, छात्रों का अपनी क्लास छूट जाना और आम नागरिकों का काफिले की आवाजाही के लिए 15-30 मिनट और कभी-कभी घंटों तक इंतजार करना बहुत दुखद है। हमारे लोगों ने ऐसा क्या कसूर किया है कि उन्हें इतनी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।

स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री इट्टू ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और सुरक्षा तंत्र से आग्रह किया कि वे नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक ट्रैफिक प्रबंधन प्रोटोकॉल तैयार करें। उन्होंने कहा कि मैं उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और संबंधित अधिकारियों से पुरजोर अपील करती हूं कि वे ट्रैफिक प्रबंधन के ऐसे व्यावहारिक उपाय खोजें जिनसे जरूरी सुरक्षा प्रोटोकॉल भी बने रहें और साथ ही एम्बुलेंस को बिना किसी रुकावट के रास्ता मिल सके जिससे आम जनता को कम से कम परेशानी हो।

उन्होंने आगे कहा कि सुरक्षा और संवेदना साथ-साथ चलनी चाहिए। शासन केवल नीतियों में ही नहीं बल्कि नागरिकों के रोजमर्रा के जीवन में भी दिखना चाहिए जिसमें गरिमा, संवेदनशीलता और लोगों को मिलने वाली वास्तविक राहत शामिल हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769179 Articles

Share this story