महिला मोर्चा को बूथ स्तर पर मजबूत करने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
महिला मोर्चा को बूथ स्तर पर मजबूत करने पर जोर


जम्मू, 22 अगस्त (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा जम्मू-कश्मीर की अध्यक्ष एडवोकेट नेहा महाजन ने कश्मीर संभाग के एक दिवसीय संगठनात्मक दौरे के दौरान कुपवाड़ा और बारामुला का दौरा कर महिला मोर्चा की टीमों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें कीं। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। कुपवाड़ा में जिला पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष शाहीना बेगम, जिला अध्यक्ष सैयद मोहम्मद रफीक शाह, जिला टीम के सदस्य और विधानसभा क्षेत्र प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय, जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और पार्टी कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।

नेहा महाजन ने कार्यकर्ताओं से लोगों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा सेवा भावना और अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और महिलाओं से नियमित संवाद स्थापित कर पार्टी की नीतियों व कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने पर बल दिया। बारामुला में भी उन्होंने जिला पार्टी कार्यालय में महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष फरीदा बेगम, जिला टीम के सदस्यों और विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों के साथ बैठक की। यहां संगठन को मजबूत करने, जमीनी संपर्क बढ़ाने और सार्वजनिक संपर्क कार्यक्रमों में महिलाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।

नेहा महाजन ने कहा कि सशक्त महिलाएं मजबूत समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं से लोगों की समस्याएं सुनने, संगठन और जनता के बीच प्रभावी संपर्क स्थापित करने तथा विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता रैना भी मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story