शिक्षकों को शैक्षणिक सहयोग के लिए ‘शिक्षक सहायक चैटबॉट’ के इस्तेमाल के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षकों को शैक्षणिक सहयोग के लिए ‘शिक्षक सहायक चैटबॉट’ के इस्तेमाल के निर्देश


कठुआ, 09 मई (हि.स.)। जिला कठुआ में मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण की अध्यक्षता में सभी जोनल एजुकेशन अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई जिसमें स्कूलों में चल रही शैक्षणिक, प्रशासनिक और जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की गई।

बैठक में छात्रों और स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए वीएसके पोर्टल के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया गया। साथ ही शिक्षकों को शैक्षणिक सहयोग के लिए ‘शिक्षक सहायक चैटबॉट’ के इस्तेमाल के निर्देश दिए गए। आईजीओटी कर्मयोगी पहल के तहत शिक्षकों के निरंतर प्रशिक्षण और क्षमता विकास पर बल दिया गया, वहीं टीओएफईआई पोर्टल पर मूल्यांकन कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। 100 दिवसीय ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत स्कूलों में रैली, पोस्टर प्रतियोगिता, वाद-विवाद, सेमिनार और काउंसलिंग जैसी जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इन गतिविधियों की नियमित ऑनलाइन अपलोडिंग भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में मिड-डे मील योजना की समीक्षा करते हुए स्वच्छता, गुणवत्ता और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया गया। साथ ही एआरएमएस पोर्टल पर शत-प्रतिशत डेटा अपलोड करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा इको क्लब गतिविधियों, फंड के पारदर्शी उपयोग, स्वच्छता, इंफ्रास्ट्रक्चर, अनुशासन और छात्र कल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बेहतर परीक्षा परिणामों के लिए सभी संबंधितों को बधाई देते हुए शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story