सरकारी योजनाओं के जरिए उद्यमिता बढ़ाने पर जोर, ऋण व शिक्षा सहायता की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी योजनाओं के जरिए उद्यमिता बढ़ाने पर जोर, ऋण व शिक्षा सहायता की दी जानकारी


कठुआ, 13 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर एससी एसटी एवं बीसी विकास निगम द्वारा राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम नई दिल्ली के सहयोग से कठुआ के चक सरदार देसा सिंह में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को विभिन्न वित्तीय सहायता योजनाओं के बारे में जागरूक करना था। जिनका लक्ष्य स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा निगम के प्रबंध निदेशक रंजीत सिंह, उप महाप्रबंधक नवीन शर्मा, जिला प्रबंधक कठुआ जतिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को निगम द्वारा संचालित विभिन्न ऋण एवं वित्तीय सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई जिनके माध्यम से युवा अपने आय सृजन इकाइयां स्थापित कर सकते हैं। साथ ही बच्चों के लिए कम ब्याज दरों पर उपलब्ध शिक्षा ऋण योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया।

इस अवसर पर विधायक ने युवाओं से आह्वान किया कि वे आगे आकर इन योजनाओं का लाभ उठाएं और स्थायी रोजगार के अवसर सृजित करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रबंध निदेशक रंजीत सिंह ने युवाओं को सरकारी नौकरी पर निर्भर रहने के बजाय उद्यमिता अपनाने और स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित किया। उप महाप्रबंधक नवीन शर्मा ने भी योजनाओं की जानकारी साझा की। वहीं रोजगार विभाग और केवीआईबी के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी विशेषकर एससी, एसटी और अन्य पात्र वर्गों के लिए उपलब्ध स्वरोजगार योजनाओं पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया जिसमें अधिकारियों ने प्रतिभागियों के सवालों के जवाब देकर योजनाओं की पात्रता, प्रक्रिया और लाभों को स्पष्ट किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story