जीवन में वित्तीय जागरूकता को अपनाएं, युवाओं का भविष्य होगा सुरक्षित
महानपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सरकारी डिग्री कॉलेज महानपुर में भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से मंगलवार को “अपने बैंक को जानें अपने पैसे को समझें और अपना भविष्य बनाएं” विषय पर यूथ कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय साक्षरता, धन प्रबंधन और वित्तीय नियोजन के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. सपना देवी ने किया। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता सूदन के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। एसबीआई महानपुर शाखा के प्रबंधक अविनाश शर्मा कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय साक्षरता, धन के उचित प्रबंधन तथा भविष्य के लिए वित्तीय योजना बनाने की जानकारी दी। उन्होंने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को विषय से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को सरल एवं रोचक तरीके से समझाया। प्राचार्य डॉ. संगीता सूदन ने वित्तीय साक्षरता को विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि युवाओं के लिए बैंकिंग और धन प्रबंधन की सही जानकारी भविष्य में बेहतर वित्तीय निर्णय लेने में सहायक होगी। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए डॉ. सपना देवी की सराहना की और विद्यार्थियों से ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अविनाश शर्मा को उनके योगदान के लिए ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप पेन भी वितरित किए। इस अवसर पर प्रो. रुपाली, प्रो. बिंती, प्रो. हिलाल, प्रो. सोनिका और प्रो. शिवानी सहित कॉलेज के करीब 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर युवाओं को जिम्मेदार बैंकिंग व्यवहार अपनाने, वित्तीय रूप से जागरूक रहने और सोच-समझकर वित्तीय निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

