एक साथ रंग मंडल ने प्रस्तुत किया 521वां मंडे थिएटर, नशा मुक्ति का दिया सशक्त संदेश

WhatsApp Channel Join Now
एक साथ रंग मंडल ने प्रस्तुत किया 521वां मंडे थिएटर, नशा मुक्ति का दिया सशक्त संदेश


जम्मू, 15 जून (हि.स.)। एक साथ रंग मंडल ने अपने नियमित मंडे थिएटर श्रृंखला के अंतर्गत सोमवार को जम्मू नगर निगम (जेएमसी) पार्क, रविदास मंदिर के निकट, डेंटल कॉलेज जम्मू के पास अपना 521वां मंडे थिएटर प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रगतिशील नुक्कड़ नाटक ‘जन-जन को दे संदेश, नशा मुक्त हो अपना देश’ का मंचन किया गया। नाटक का केंद्र बिंदु समाज में बढ़ती नशाखोरी की समस्या और उसके दुष्परिणाम रहे। नाटक में पूर्व सैनिक शुभा राम ने एक जागरूक नागरिक की भूमिका निभाते हुए युवाओं को नशे की लत से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत किया। उन्होंने बताया कि नशा न केवल युवाओं के स्वास्थ्य, चरित्र और व्यवहार को प्रभावित करता है, बल्कि परिवारों की खुशियों और आर्थिक स्थिरता को भी नष्ट कर देता है।

नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा मुक्ति केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सशक्त और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया गया। कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय के जरिए यह भी रेखांकित किया कि नशे की समस्या एक रोकी जा सकने वाली त्रासदी है जिसके समाधान के लिए जागरूकता, पुनर्वास और सामाजिक सहयोग अत्यंत आवश्यक हैं। नाटक का संदेश था कि देश को नशामुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर संकल्प लेना होगा। नुक्कड़ नाटक को देखने पहुंचे लोगों ने इसकी विषयवस्तु और प्रस्तुति की सराहना की। नाटक में शालिजा सिंह, रोमिका, पूनम, नितिन, मोहित, सचिन, शिवानी और विजय मल्ला ने अभिनय किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story