यातायात पुलिस ने राजौरी में विशेष नाके के दौरान दोपहिया चालकों समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों के काटे चालान
राजौरी , 31 अगस्त (हि.स.)। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ाते हुए सोमवार को पांजा चौक राजौरी में विशेष नाका लगाया। डीएसपी यातायात राजौरी-पुंछ एजाज अहमद के नेतृत्व में डीटीआई राजौरी की टीम ने दोपहिया वाहनों तथा ई-रिक्शा और ऑटो की विशेष जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले दोपहिया चालकों समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों के चालान काटे गए।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और ई-रिक्शा व ऑटो चालक निर्धारित नियमों के अनुसार ही वाहन चलाएं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

