कश्मीर घाटी में अगले तीन दिनों तक शुष्क और गर्म मौसम रहने की संभावना

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 16 जुलाई (हि.स.)। कश्मीर घाटी में अगले तीन दिनों तक शुष्क और गर्म मौसम रहने की संभावना है और श्रीनगर शहर में इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया जा सकता है। कश्मीर मौसम पूर्वानुमान और एक स्वतंत्र मौसम निगरानी सेवा के अनुसार अगले 72 घंटों तक यानी 18 जुलाई तक घाटी में शुष्क, गर्म और स्थिर मौसम का लंबा दौर जारी रहने की संभावना है।

श्रीनगर में अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है जबकि कश्मीर के अधिकांश मैदानी इलाकों में तापमान मौसमी औसत से 5 से 8 डिग्री अधिक रहने की उम्मीद है जिससे घाटी में लू का प्रकोप काफी बढ़ जाएगा।

स्वतंत्र मौसम विज्ञानी आदिल मकबूल मीर ने बताया कि यह इस मौसम का अब तक का सबसे भीषण दौर है। मीर ने कहा कि हम अगले तीन दिनों तक लगातार शुष्क और गर्म मौसम की ओर देख रहे हैं। इस दौरान श्रीनगर में इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज होने की प्रबल संभावना है। लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए खासकर दोपहर के समय।

उन्होंने आगे कहा कि 18 जुलाई तक शुष्क मौसम जारी रहने की संभावना है और इस दौरान घाटी में कोई खास बारिश नहीं होगी। हालांकि पूर्वानुमान के अनुसार जम्मू क्षेत्र में दिन के तापमान में कोई खास वृद्धि होने की संभावना नहीं है क्योंकि वहां मानसून जैसी स्थिति बनी रहने की उम्मीद है। घाटी में जून और जुलाई की शुरुआत में असामान्य रूप से गर्म दिनों की एक श्रृंखला के बाद यह नया दौर आ रहा है।

इस दौरान भारत मौसम विज्ञान विभाग ने श्रीनगर, काजीगुंड, कुपवाडा और कोकरनाग सहित कई स्टेशनों पर अधिकतम तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक दर्ज किया था।

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story