नशीली दवाओं का व्यापार जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है -उपराज्यपाल सिन्हा

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 22 मई(हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में ड्रग्स और आतंकवाद एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने कहा कि जांच से नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क और क्षेत्र में सक्रिय आतंकवादी संगठनों के बीच सीधे संबंध का पता चला है। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एलजी ने कहा कि विभिन्न जांचों के दौरान एकत्र किए गए सबूतों से पता चला है कि आतंकवाद और कट्टरपंथ गतिविधियों को वित्तपोषित करने के लिए नशीली दवाओं की तस्करी को बढ़ावा देने में पड़ोसी देश की संलिप्तता है।

उन्होंने कहा कि हालांकि कुछ तस्करों ने अवैध व्यापार के माध्यम से संपत्ति अर्जित की है और मकान बनाए हैं लेकिन धन का बड़ा हिस्सा अंततः युवाओं को कट्टरपंथी बनाने हथियार खरीदने और जम्मू-कश्मीर और देश के अन्य हिस्सों में आतंकवाद फैलाने में शामिल संगठनों तक पहुंचता है। मनोज सिन्हा ने कहा कि प्रशासन का प्राथमिक उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशीली दवाओं के खतरे से बचाना है, ऐसा प्रतीत होता है कि नए जम्मू और कश्मीर और एक विकसित भारत के दृष्टिकोण को पटरी से उतारने के लिए जम्मू और कश्मीर के युवाओं को नष्ट करने की साजिश रची गई है।

अगर जम्मू-कश्मीर के युवा बर्बाद हो जाएंगे तो वे आगे कैसे बढ़ेंगे उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश से नशीली दवाओं के दुरुपयोग और आतंकवाद को खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story