एनसीबी हेडक्वार्टर से नशा तस्करी का आरोपी फरार
जम्मू, 13 सितंबर (हि.स.)। जम्मू संभाग में एनसीबी हेडक्वार्टर से नशा तस्करी में संलिप्त एक आरोपी फरार हो गया है। आरोपी की पहचान पुलवामा के काकापोरा निवासी आकिब बशीर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार आकिब बशीर को सांबा में 522 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच में उसके एक नार्को मॉड्यूल से जुड़े होने की बात सामने आई थी।
बताया जा रहा है कि वह बीती देर रात एनसीबी की हिरासत से फरार हो गया। घटना के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह एनसीबी मुख्यालय से किस तरह फरार हुआ और इस दौरान उसे किसी ने मदद तो नहीं दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

