हेरोइन के साथ एक नशा तस्कर गिरफ्तार
जम्मू, 21 फ़रवरी (हि.स.)। नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जारी रखते हुए नौबाद पुलिस स्टेशन ने नाका चेकिंग के दौरान हेरोइन के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया।
20/21.02.2026 की दरमियानी रात को नौबाद पुलिस स्टेशन की एक पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के लिए ओल्ड यूनिवर्सिटी कैंपस रोड कैनाल रोड, जम्मू के पास एक नाका लगाया। लगभग 11 बजे नाका चेकिंग के दौरान तवी बांध से कैनाल रोड की ओर आते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया। पुलिस दल को देखते ही उस व्यक्ति ने खुद को छिपाने की कोशिश की और मौके से भागने का प्रयास किया जिससे संदेह पैदा हुआ। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से हेरोइन जैसा नशीला पदार्थ बरामद किया गया। पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान यावर फैयाज पुत्र फैयाज अहमद इटू निवासी डेलगाम वाटरगाम, अनंतनाग के रूप में बताई। इस संबंध में पुलिस स्टेशन नौबाद में एफआईआर संख्या 32/2026 धारा 8/21/22 एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज की गई है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
यह पूरा अभियान नौबाद के एसएचओ इंस्पेक्टर विकास हंस, डीएसपी मुख्यालय जम्मू और एसपी सिटी नॉर्थ जम्मू के पर्यवेक्षण में चलाया गया। जम्मू पुलिस नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और समाज से नशीले पदार्थों के खतरे को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

