नशा मुक्त भारत अभियान-युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखने की पहल
कठुआ, 21 फरवरी (हि.स.)। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला प्रशासन कठुआ द्वारा युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा देने के लिए महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उपायुक्त कठुआ राकेश शर्मा ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को खेलों और राष्ट्र निर्माण में लगाएं तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें।
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन कठुआ द्वारा समाज कल्याण विभाग के सहयोग से 22 फरवरी 2026 से उपमंडल स्तर पर क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में विजेता टीमों को जिला स्तर पर खेल स्टेडियम कठुआ में आयोजित होने वाले टूर्नामेंट में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे पहले आबकारी विभाग के सहयोग से भी इसी प्रकार का टूर्नामेंट आयोजित किया गया था जिसका उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना था। राकेश शर्मा ने युवाओं को अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने, समर्पण के साथ अपने करियर को आकार देने और नशे से दूर रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और मानसिक मजबूती का विकास करते हैं, जिससे उनका समग्र व्यक्तित्व निखरता है। जिला प्रशासन द्वारा खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ब्लॉक स्तर पर वॉलीबॉल किट, नेट और पोल भी वितरित किए जाएंगे। साथ ही जिले भर में वॉलीबॉल टूर्नामेंट भी आयोजित किए जाएंगे जिससे अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिल सके। जिला प्रशासन की यह पहल युवाओं को स्वस्थ, सक्रिय और नशा मुक्त जीवन की ओर प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

