नशा मुक्त अभियान-एचएसएस मंगलूर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कठुआ, 30 अप्रैल (हि.स.)। नशा मुक्ति 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मंगलूर में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ, नशा मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में एसडीएम हीरानगर फुलेल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ तहसीलदार डिंगा अंब अमित उपाध्याय, बीडीओ व एसएचओ डिंगा अंब सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे अभियान को प्रशासनिक समर्थन मिला। विद्यालय के प्राचार्य व शिक्षकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग दिया। कार्यक्रम में पूर्व पंचायती राज प्रतिनिधि व स्थानीय लोग भी शामिल हुए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशे के सामाजिक, मानसिक और आर्थिक दुष्प्रभावों पर आधारित एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया, जिसने सभी को जागरूक होने का संदेश दिया। इसके अलावा, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर ने भी संबोधित करते हुए नशे से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान और बचाव के उपायों पर जानकारी दी।
इस अवसर पर एसडीएम ने समाज से नशा खत्म करने में सभी की भागीदारी पर जोर दिया और विद्यार्थियों को अपने समुदाय में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। तहसीलदार ने भी युवाओं को शिक्षा पर ध्यान देने और सकारात्मक गतिविधियों में जुड़ने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

